बीना, बृजपाल सिंह राजपूत। बीना थाना क्षेत्र के गांधी वार्ड में देर रात बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी एक बोलेरो गाड़ी पर पेट्रोल छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया और मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांधी वार्ड निवासी फरियादी भूपेंद्र की बोलेरो रोज की तरह उनके घर के बाहर खड़ी थी। रात के सन्नाटे का फायदा उठाते हुए एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाश वहाँ पहुंचे। बदमाशों ने योजनाबद्ध तरीके से गाड़ी पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। आग की लपटें देख आसपास के लोगों ने तत्काल वाहन मालिक को जगाया और कड़ी मशक्कत के बाद पानी डालकर आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, तब तक बोलेरो का काफी हिस्सा जलकर खाक हो चुका था।


घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित ने बीना थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घर के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक ही बाइक पर तीन नकाबपोश युवक सवार होकर आए थे, जिन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। फुटेज में बदमाशों की हरकतें कैद होने के बाद पुलिस ने उनकी पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। फिलहाल, पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस आगजनी के पीछे पुरानी रंजिश थी या किसी अन्य वजह से वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद से गांधी वार्ड के निवासियों में सुरक्षा को लेकर भय का माहौल है।