उमरिया, तपस गुप्ता। जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा क्षेत्र अंतर्गत खेरवा मोहल्ला में देर रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। जंगल से भटककर रिहायशी इलाके में पहुंचे एक बाघ ने घर के भीतर घुसकर महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला को बचाने पहुंचे परिवार के तीन अन्य सदस्य भी बाघ के हमले में घायल हो गए।

मृतक महिला की पहचान फूल बाई के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक परिवार के सभी सदस्य रात में घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक बाघ घर में घुस आया और सो रही फूल बाई पर हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग जाग गए और उसे बचाने का प्रयास करने लगे, लेकिन बाघ ने उन पर भी हमला कर दिया।

घटना में महिला के पति, पिता और ससुर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आसपास के लोग डर के कारण घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन घर के भीतर बाघ मौजूद होने के कारण कोई भी पास नहीं जा सका।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग, पुलिस और सुरक्षा बल की टीमें मौके पर पहुंचीं। पूरे इलाके की घेराबंदी कर लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई। वन विभाग द्वारा तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

घायल तीनों लोगों को तुरंत मानपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना के बाद खेरवा मोहल्ला समेत आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से लगे इलाकों में लगातार वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ रही है, जिससे लोगों में डर बना हुआ है। वन विभाग ने ग्रामीणों से रात के समय सतर्क रहने और अकेले बाहर न निकलने की अपील की है।