उज्जैन/नागदा, अशोक दायमा। शहर के गफ्फूर बस्ती क्षेत्र में चाकूबाजी की गंभीर घटना के बीच नागदा थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर योगिता उपाध्याय ने मानवता की मिसाल पेश की। गंभीर रूप से घायल युवक को देखकर उन्होंने बिना देर किए उसे गोद में उठाया और रिक्शे की मदद से सिविल अस्पताल नागदा पहुंचाया। हालांकि गंभीर चोटों के कारण चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 5 अगस्त 2026 को ईदगाह के पास, शहीद कबाड़ी की दुकान के सामने वाली गली, किल्कीपुरा नागदा में पैसों के विवाद को लेकर चाकूबाजी हुई। आरोप है कि गफ्फूर बस्ती निवासी शानु उर्फ शाहनवाज शाह ने जफर शाह पर चाकू से लगातार कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल जफर को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमृत लाल गवरी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वैधानिक कार्रवाई शुरू की। फरियादी शादिक शाह की रिपोर्ट पर थाना नागदा में अपराध क्रमांक 444/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) करणवीर सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक नागदा विक्रम अहिरवार के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी शानु उर्फ शाहनवाज को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
इस घटना में जहां पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हत्या का आरोपी जल्द गिरफ्त में आया, वहीं सब इंस्पेक्टर योगिता उपाध्याय द्वारा गंभीर रूप से घायल युवक को स्वयं गोद में उठाकर अस्पताल पहुंचाने का प्रयास पुलिस की संवेदनशील और मानवीय भूमिका का उदाहरण बना।




