सतना, अंबिका केशरी। सतना शहर में अकेले पैदल जा रहे युवक का अपहरण कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का सिटी कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो युवतियों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो, लूटे गए मोबाइल फोन एवं नकद राशि बरामद की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद केन्द्रीय जेल सतना भेज दिया गया है।


पुलिस के अनुसार, बीती रात फरियादी प्रफुल्ल श्रीवास्तव ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि वह रात लगभग 10 बजे अपने घर से रेलवे स्टेशन रोड की ओर पैदल जा रहा था। इसी दौरान पंजाब नेशनल बैंक के पास एक ऑटो अचानक आकर रुका, जिसमें सवार पियूष कुशवाहा अपने एक पुरुष और दो महिला साथियों के साथ उतरा।


आरोपियों ने फरियादी का मुंह दबाकर जबरन उसे ऑटो में बैठाया और महदेवा पेट्रोल पंप ले गए। वहां आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और जबरदस्ती मोबाइल का पिन कोड पूछकर ऑनलाइन माध्यम से पेट्रोल पंप पर पैसे ट्रांसफर कराए। इसके अलावा पेट्रोल पंप कर्मचारी से भी रकम अपने मोबाइल में ट्रांसफर करवा ली गई।


घटना की सूचना पर थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। तकनीकी साक्ष्यों और महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपियों में पियूष कुशवाहा, अंकित द्विवेदी, दीपाली बागरी एवं दिशा वर्मन शामिल हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।