हैदराबाद। तेलंगाना सरकार 13 और 14 नवंबर को हैदराबाद में 'भारत शिखर सम्मेलन 2026' की मेजबानी करेगी। सम्मेलन की शुरुआत से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इसकी निंदा की है और कहा कि इसका उद्देश्य निवेश लाना नहीं, बल्कि देश में सिर्फ अराजकता फैलाना और 'रिजीम चेंज' करना है।
भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "तेलंगाना में आयोजित हो रहा 'भारत समिट' कांग्रेस पार्टी की एक पहल है। इसमें वे ऐसे प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर रहे हैं जो 'प्रोग्रेसिव अलायंस' से जुड़े हैं। यह गठबंधन 'प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल' का हिस्सा है, जिसने दुनिया भर में अराजकता फैलाने और 'रिजीम चेंज' के लिए हो रहे विरोध प्रदर्शनों का समर्थन किया है।"
राव ने आरोप लगाते हुए कहा, "हमने पहले भी देखा है कि कांग्रेस नेताओं के इन संगठनों के साथ संबंध रहे हैं। 'प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल' को जॉर्ज सोरोस जैसे लोगों से फंडिंग मिलती है, जो पूरी दुनिया में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "बांग्लादेश, नेपाल, फ्रांस और अल्बानिया जैसे देशों में भी ऐसा ही हुआ। वहां छात्रों की कुछ मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू हुए, जिन्हें बाद में सत्ता परिवर्तन के आंदोलन में बदल दिया गया। अब भारत में भी कुछ ऐसा ही करने की कोशिश की जा रही है।"
रामचंद्र राव ने आरोप लगाया कि 'भारत समिट' का मकसद राहुल गांधी को फिर से लॉन्च करना है, ताकि ये अराजकतावादी ताकतें 'रिजीम चेंज' के लिए उनका समर्थन कर सकें। उन्होंने कहा, "हम तेलंगाना में हो रहे इस 'भारत समिट' की निंदा करते हैं, क्योंकि इसका उद्देश्य निवेश लाना नहीं, बल्कि केवल अराजकता फैलाना और 'रिजीम चेंज' करना है।"
तेलंगाना भाजपा के अध्यक्ष ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के हैदराबाद दौरे पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "'भारत समिट' और राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के हैदराबाद दौरे का भाजपा विरोध करती है। तेलंगाना चुनावों के दौरान उन्होंने कई वादे किए थे, लेकिन उनमें से एक भी पूरा नहीं किया।"















