भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल अंतर्राष्ट्रीय खेल पटल पर एक बार फिर नया इतिहास रचने जा रही है। खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने प्रतिष्ठित 'एशियन वूमेंस हॉकी चैम्पियन्स ट्रॉफी-2026' के आधिकारिक लोगो और विजेता ट्रॉफी का गरिमामयी अनावरण किया। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेशव्यापी 'ट्रॉफी टूर' का विधिवत शुभारंभ किया। यह गौरवशाली ट्रॉफी 11 नवंबर से 19 नवंबर तक प्रदेश के सभी संभागों का भ्रमण करेगी, जिससे समूचे मध्य प्रदेश में खेल के प्रति जनउत्साह और जागरूकता का संचार होगा।

राजधानी भोपाल स्थित नवनिर्मित अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 19 से 28 नवंबर तक इस अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट का रोमांच चरम पर रहेगा। खेल प्रेमियों और आम नागरिकों के लिए सबसे बड़ी घोषणा यह की गई है कि इस प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों में दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा।


प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के प्रथम चरण का औपचारिक लोकार्पण भी किया जाएगा। टूर्नामेंट के पहले दिन 19 नवंबर को उद्घाटन मुकाबला मेजबान भारत और मलेशिया की मजबूत टीमों के बीच खेला जाएगा।

इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में एशिया की 6 शीर्ष देशों की राष्ट्रीय महिला हॉकी टीमें और लगभग 150 अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। फ्लड लाइट की रोशनी में प्रतिदिन तीन डे-नाइट मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। टूर्नामेंट का वैश्विक स्तर पर सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और डिज़्नी+ हॉटस्टार पर दुनिया के 166 देशों में किया जाएगा, जिससे भोपाल और मध्य प्रदेश वैश्विक खेल मानचित्र पर छाएंगे।

खेल मुकाबलों के साथ-साथ आयोजन स्थल पर मध्य प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, हस्तशिल्प और पारंपरिक जनजातीय व्यंजनों के विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे, जो देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेंगे। इसके अतिरिक्त आयोजन के दौरान भारतीय राष्ट्रीय महिला हॉकी टीम और मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी की टीम के बीच एक विशेष प्रदर्शनी (मैत्री) मैच भी खेला जाएगा।

मंत्री विश्वास सारंग ने इस मौके पर कहा कि यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए मध्य प्रदेश की खेल शक्ति, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन को वैश्विक स्तर पर एक नई और विशिष्ट पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि नवंबर का यह पूरा महीना हॉकी खेल और खिलाड़ियों के सम्मान को पूरी तरह समर्पित रहेगा।