पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में जुआ और सट्टा माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अमानगंज थाना पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने ग्रामीण इलाकों में सक्रिय जुआरियों के नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए पांच अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ सुनियोजित छापेमारी की। इस सघन कार्रवाई के दौरान ग्राम पगरा और द्वारी में चल रहे जुए के फड़ों से कुल 19 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22 हजार 360 रुपये नकद और 260 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। पकड़े गए सभी आरोपियों के विरुद्ध 13 जुआ एक्ट के तहत वैधानिक प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
ये भी पढ़ें




मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल, 5 ठिकानों की घेराबंदी
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अमानगंज थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल ने 10 और 11 नवंबर को यह बड़ी कार्रवाई अंजाम दी। पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली थी कि त्योहार के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों के सुनसान इलाकों, खेतों और पेड़ों की आड़ में बड़े पैमाने पर जुए की महफिलें सजाई जा रही हैं। सूचना की पुष्टि होते ही थाना प्रभारी ने अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कीं और ग्राम पगरा तथा द्वारी में चिन्हित पांचों ठिकानों की एक साथ घेराबंदी कर दबिश दी।
द्वारी के खेतों और पगरा के स्कूल के पास चल रहे थे जुए के फड़
पुलिस ने ग्राम द्वारी अंतर्गत रम्मू चौराहे के पास स्थित खुले खेतों में चल रहे दो अलग-अलग फड़ों पर आकस्मिक छापा मारकर 8 जुआरियों को धर दबोचा। इसी प्रकार ग्राम पगरा में भी पुलिस ने तीन स्थानों पर घेराबंदी की, जिनमें शासकीय स्कूल परिसर के समीप, स्कूल रोड पर स्थित नीम के पेड़ के नीचे और पुलिया के पास आम रास्ते पर संचालित हो रहे जुए के अड्डे शामिल थे। इन सभी स्थानों से पुलिस ने भागने का प्रयास कर रहे जुआरियों को चारों तरफ से घेरकर कुल 19 लोगों को हिरासत में लिया।
22 हजार से अधिक की नकदी व ताश की गड्डियां बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने फड़ और आरोपियों की जामा तलाशी लेते हुए कुल 22 हजार 360 रुपये की नकदी राशि तथा 260 ताश के पत्ते जब्त किए हैं। अमानगंज थाना पुलिस ने सभी 19 आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, जुआ, सट्टा और नशीले पदार्थों के कारोबार पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए यह धरपकड़ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।













