छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर के व्यस्ततम बस स्टैंड क्षेत्र में बुधवार को उस समय बेहद कौतूहल वाली स्थिति निर्मित हो गई, जब एक पूर्व विधायक के चार पहिया वाहन और एक मोटरसाइकिल के बीच मामूली टक्कर हो गई। दरअसल हादसे के बाद जब पूर्व विधायक ने मानवीयता दिखाते हुए पीड़ित बाइक सवार को आर्थिक मदद की पेशकश की, तो मौके पर मौजूद एक शराबी ने बीच में हाथ साफ करने की कोशिश कर दी। इसके बाद सड़क पर काफी देर तक रुपयों को लेकर हंगामा चलता रहा, जिसे देखने के लिए राहगीरों का भारी मजमा लग गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदला विधानसभा के पूर्व विधायक आरडी प्रजापति अपने वाहन से नौगांव रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बस स्टैंड के समीप उनकी कार की एक मोटरसाइकिल से भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने से बाइक सवार भागवत सिंह सड़क पर गिर गया। घटना के तुरंत बाद पूर्व विधायक आरडी प्रजापति ने संवेदनशीलता दिखाते हुए जेब से 500 रुपये निकाले और घायल बाइक चालक को सहायता के तौर पर देने चाहे।


तभी वहां पहले से मौजूद विष्णु नामक एक शराबी बीच में कूद पड़ा और उसने विधायक के हाथ से सीधे 500 रुपये का नोट झपट लिया। शातिर अंदाज में उसने 500 का नोट अपनी जेब में खिसकाते हुए बाइक चालक को महज 100 रुपये थमा दिए और बाकी 400 रुपये डकारने की फिराक में लग गया। शराबी की यह चालाकी वहां मौजूद स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने भांप ली। लोगों ने तुरंत विष्णु को घेराबंदी कर पकड़ा और सख्ती से पूछताछ शुरू कर दी। इसके बाद बीच सड़क पर काफी देर तक रुपयों के लेन-देन को लेकर तीखी बहस और खींचतान चलती रही।

आखिरकार स्थानीय लोगों के कड़े हस्तक्षेप के बाद पूर्व विधायक द्वारा दी गई पूरी 500 रुपये की राशि बाइक चालक भागवत सिंह को दिलवाई जा सकी। करीब 8 से 10 मिनट तक चले इस अप्रत्याशित ड्रामे के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति निर्मित हो गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में बाइक चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई। स्थिति सामान्य होने पर पूर्व विधायक अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। हालांकि, विधायक के जाने के बाद भी मौके पर शराबियों के बीच रुपयों के बंटवारे को लेकर काफी देर तक तू-तू, मैं-मैं का दौर जारी रहा।