शाहनगर (पन्ना), प्रकाश तिवारी। पन्ना जिले के शाहनगर स्थित प्राचीन श्री हृदय हर्षण हनुमान जी महाराज के मंदिर परिसर में 24 घंटे के अखंड राम नाम संकीर्तन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। संकीर्तन के चलते पूरा मंदिर परिसर एवं आसपास का क्षेत्र निरंतर गूंजती राम नाम की मधुर धुन से भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर हो उठा है।


इस धार्मिक अनुष्ठान में समस्त ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराई। श्रद्धालु टोलियों में बारी-बारी से संकीर्तन में सम्मिलित होकर प्रभु श्रीराम का गुणगान व भजन-कीर्तन कर रहे हैं। महिला, पुरुष और युवाओं सहित बड़ी संख्या में पहुंचे धर्मप्रेमी पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। आयोजन समिति के अनुसार आपसी सद्भाव, प्रेम और धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित इस 24 घंटे के अखंड संकीर्तन से समूचे शाहनगर क्षेत्र में उल्लास का माहौल बना हुआ है।