छतरपुर। छतरपुर जिले के बड़ा मलहरा क्षेत्र में बीते रोज संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई रुखसाना खान (35) की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महिला का शव उसके घर के समीप ही कचरे के ढेर में दो टुकड़ों में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में एसडीओपी रोहित अलावा और थाना प्रभारी रीता सिंह पुलिस बल व एफएसएल (FSL) टीम के साथ मौके पर पहुँचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की।
शराब और पैसों को लेकर हुआ विवाद बना हत्या का कारण
पुलिस की गहन जांच और संदेह के आधार पर मृतका के पड़ोस में रहने वाले बुधवा उर्फ लल्लू अहिरवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मृतका शराब पीने की आदी थी। घटना के दिन उसने और अधिक शराब मंगाने तथा आरोपी के घर में छिपाकर रखे रुपयों को बिना पूछे निकालने की कोशिश की, जिससे दोनों के बीच तीखा विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने उस वक्त वारदात को अंजाम दिया जब महिला का पति काम पर बाहर गया हुआ था।
वजन अधिक होने पर किए शव के दो टुकड़े
आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि हत्या करने के बाद महिला के शव का वजन अधिक होने के कारण उसे अकेले उठाना आसान नहीं था। इसलिए उसने घर में रखे धारदार हथियार से शव के दो टुकड़े कर दिए और मौका देखकर उसे पड़ोस में स्थित कचरे के ढेर में फेंक आया। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव का पोस्टमार्टम बड़ा मलहरा सिविल अस्पताल में करवाया और प्रक्रिया पूर्ण कर शव परिजनों को सौंप दिया।
10 वर्ष पूर्व बवलेश से की थी दूसरी शादी, इलाके में फैला सन्नाटा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका रुखसाना खान की पहली शादी महोबा में हुई थी, लेकिन करीब 10 वर्ष पूर्व उसने बड़ा मलहरा के सूरजपुरा रोड निवासी बवलेश अहिरवार से दूसरी शादी की थी। दिनदहाड़े हुई इस जघन्य वारदात और शव को क्षत-विक्षत कर फेंकने की घटना से पूरे क्षेत्रवासी स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों को विवेचना में शामिल कर आरोपी के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




