छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। बारिश के बीच शहर के खापाभाट इलाके में श्याम इंटरप्राइजेस के गोदाम में अचानक लगी भीषण आग ने लाखों रुपये की संपत्ति को राख कर दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि महज 15 मिनट में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में करीब 60 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि गोदाम में करीब 80 लाख रुपये का सामान रखा हुआ था। आग की लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखी लगभग 90 प्रतिशत सामग्री जलकर खाक हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकलकर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान नष्ट हो चुका था। गोदाम संचालक अमित शर्मा के मुताबिक हादसे में करीब 60 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
बारिश के मौसम में हुई आग की इस घटना ने विद्युत और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि आग वास्तव में शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। साथ ही गोदाम में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा सकती है। आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।




