छतरपुर। शहर के पेप्टिक टाउन स्थित जेपी सिनेमा में मंगलवार को स्थानीय फिल्म “लव साइड” का विशेष प्रदर्शन किया गया। बुंदेलखंडी प्रतिभाओं और छतरपुर की गलियों को बड़े पर्दे पर देखने के लिए युवाओं और फिल्म प्रेमियों में भारी उत्साह देखा गया। शो की खास बात यह रही कि फिल्म के मुख्य कलाकारों ने स्वयं दर्शकों के बीच बैठकर फिल्म देखी, जिससे सिनेमा हॉल का माहौल और भी खुशनुमा हो गया।


फिल्म की अधिकांश शूटिंग छतरपुर के ही प्रमुख स्थलों जैसे महाराजा छत्रसाल रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के अन्य जाने-पहचाने इलाकों में की गई है। लगभग दो घंटे की इस फिल्म में दर्शकों को कॉमेडी और इमोशन का बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। विशेष रूप से 'हरिया भैया' के कॉमेडी किरदार ने दर्शकों को लोटपोट कर दिया; उनके हर संवाद और हास्य दृश्य पर हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।


फिल्म के निर्देशक और मुख्य अभिनेता संदीप विश्वकर्मा ने बताया कि “लव साइड” केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि आज की युवा पीढ़ी के लिए एक कड़ा संदेश भी है। फिल्म के माध्यम से यह दिखाने का प्रयास किया गया है कि घर छोड़कर भागने जैसे कदम उठाने के बाद एक युवक-युवती को किन गंभीर परिस्थितियों और संघर्षों से गुजरना पड़ता है। कहानी में परिवारों के बीच बढ़ते मतभेदों और रिश्तों की संवेदनशीलता को भी गहराई से उकेरा गया है।


स्थानीय कलाकारों के इस प्रयास की दर्शकों ने जमकर सराहना की। फिल्म देखने पहुंचे लोगों का कहना था कि छतरपुर की लोकेशन्स को पर्दे पर देखना एक अलग अनुभव है और इस तरह के प्रयासों से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।