अमरपाटन। अमरपाटन क्षेत्र में दिनदहाड़े सूने मकान में चोरी की वारदात सामने आई है। शादी समारोह में शामिल होने गए परिवार के घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने ताला तोड़कर लाखों रुपए के जेवर, नगदी और कपड़ों पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार, पीड़ित कमलेश गुप्ता अपने परिवार के साथ शादी समारोह में गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घर में घुसकर चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़ा और उसमें रखे सोना-चांदी के जेवर, करीब 1 लाख 50 हजार रुपए नकद और नए कपड़े चोरी कर फरार हो गए।


पीड़ित के मुताबिक, चोर करीब 5 लाख रुपए के सोना-चांदी के आभूषण, नकदी और कपड़े लेकर गए हैं। घटना की जानकारी पड़ोसियों द्वारा देने पर परिवार को चोरी का पता चला। मौके पर पहुंचकर देखा गया तो घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी टूटी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अज्ञात चोरों की तलाश जारी है।