छतरपुर, संतोष शिवहरे। जिले के थाना ओरछा रोड अंतर्गत ग्राम कैड़ी में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। बीती रात चोरों ने गांव के दो घरों को निशाना बनाते हुए नगदी एवं जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। बताया जा रहा है कि चोर लाखों रुपए के सामान और नकदी लेकर फरार हो गए। लगातार हो रही वारदातों से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।


ग्रामीणों के अनुसार पिछले एक माह के भीतर गांव में चोरी की यह तीसरी बड़ी घटना है। करीब ढाई लाख रुपए की चोरी होने के बावजूद अब तक पुलिस किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। लोगों का कहना है कि गांव में लगातार हो रही घटनाओं के बाद भी बदमाशों के मन में कानून का कोई डर नजर नहीं आ रहा है।


पीड़ित परिवारों ने आरोप लगाया है कि पुलिस चोरी की घटनाओं के खुलासे में लापरवाही बरत रही है। उनका कहना है कि शिकायत के बाद केवल औपचारिक कार्रवाई की जा रही है, लेकिन चोर अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग की है।


लगातार हो रही चोरियों को देखकर ग्रामीणों में यह चर्चा भी है कि मानो चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दे रखी हो। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही चोरियों का खुलासा नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


उधर थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस चोरी की घटनाओं की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।