मुंबई। महाराष्ट्र को पर्यावरण संरक्षण और सतत पर्यटन के क्षेत्र में बड़ी अंतरराष्ट्रीय सफलता मिली है। पहली बार महाराष्ट्र के तीन समुद्र तटों को वर्ष 2026-27 के लिए प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ब्लू फ्लैग अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। इनमें रत्नागिरी जिले के लाडघर और गुहागर तथा रायगढ़ जिले का श्रीवर्धन समुद्र तट शामिल है।
इस उपलब्धि के साथ महाराष्ट्र पहली बार अंतरराष्ट्रीय ब्लू फ्लैग समुद्र तटों की सूची में शामिल हुआ है। इन समुद्र तटों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, पानी की गुणवत्ता, जैव विविधता संरक्षण, पर्यटकों की सुरक्षा, बुनियादी सुविधाओं और सतत पर्यटन प्रबंधन जैसे अंतरराष्ट्रीय मानकों को पूरा करने के आधार पर यह सम्मान मिला है।
महाराष्ट्र की पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री पंकजा मुंडे ने कहा, "यह महाराष्ट्र के लिए गर्व का क्षण है। लाडघर, गुहागर और श्रीवर्धन समुद्र तटों को अंतरराष्ट्रीय ब्लू फ्लैग अवॉर्ड मिलना राज्य के पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सतत पर्यटन के प्रयासों की वैश्विक स्तर पर मान्यता है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण और विकास के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।"
उन्होंने कहा कि इस पुरस्कार से महाराष्ट्र के समुद्री तटों को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। इससे स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। भविष्य में राज्य के अन्य योग्य समुद्र तटों को भी अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने का प्रयास जारी रहेगा, ताकि महाराष्ट्र सतत और पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सके।
मंत्री ने बताया कि ब्लू फ्लैग केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि पर्यावरण-अनुकूल विकास, स्वच्छता, सुरक्षा और सतत पर्यटन का अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणपत्र है। यह उपलब्धि महाराष्ट्र के समुद्र तटों को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और अधिक प्रमुखता दिलाने में मदद करेगी।
इस सफलता के पीछे राज्य सरकार के पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग और पर्यटन विभाग के संयुक्त प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इसके अलावा संबंधित जिला कलेक्टरों, जिला प्रशासन, स्थानीय निकायों, ग्राम पंचायतों, बीच प्रबंधन समितियों, स्थानीय नागरिकों और विभिन्न एजेंसियों का भी अहम योगदान रहा है।
सरकार के अनुसार, ब्लू फ्लैग कार्यक्रम के तहत महाराष्ट्र के लंबे समुद्री तट पर स्थित अन्य योग्य समुद्र तटों को भी अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इससे तटीय पर्यावरण की सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय रोजगार, पर्यटन कारोबार और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
इन तीनों नए सम्मानित समुद्र तटों के लिए ब्लू फ्लैग सीजन 15 नवंबर 2026 से शुरू होगा। आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय ब्लू फ्लैग नीदरलैंड से मंगाए जा रहे हैं, जिन्हें राज्य के पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को सौंपा जाएगा।
इसके बाद संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के सहयोग से ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।
वर्ष 2026-27 के लिए पूरे भारत में कुल 22 समुद्र तटों को ब्लू फ्लैग मान्यता मिली है। इनमें 13 समुद्र तटों को दोबारा यह सम्मान मिला है, जबकि 9 नए समुद्र तट पहली बार सूची में शामिल हुए हैं। इनमें महाराष्ट्र के तीन समुद्र तटों का चयन राज्य के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।














