छतरपुर, संजय अवस्थी/संदीप यादव। शहर के सटई रोड स्थित मां शारदा एजुकेशन हॉस्टल से देर रात तीन छात्रों के छत फांदकर चले जाने का मामला सामने आया है। लापता छात्रों की पहचान बराखेरा निवासी कक्षा 10वीं के छात्र सत्यम पटेल, चंदला निवासी कक्षा 9वीं के दीपक पटेल और किष्णीपुरवा बांदा निवासी कक्षा 9वीं के अंकित पटेल के रूप में हुई है। घटना के बाद छात्रों के परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।


सत्यम पटेल के पिता मातादीन पटेल ने बताया कि उनका बेटा पिछले तीन साल से इस हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा है। रात में उन्हें सूचना दी गई कि उनका बेटा हॉस्टल से लापता हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब इस संबंध में हॉस्टल संचालक से जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।


वहीं हॉस्टल संचालक राजकुमार पाल ने बताया कि रात करीब साढ़े 12 बजे तीनों छात्र हॉस्टल से गायब हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक तीनों छात्र छत के रास्ते बाहर निकले और एक साथ चले गए। संचालक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए कहा कि रात के समय सिक्योरिटी गार्ड सो जाते हैं।


हॉस्टल संचालक के अनुसार तीनों छात्र जाते समय एक पत्र भी छोड़कर गए हैं। पत्र में कथित तौर पर लिखा है कि हॉस्टल की एक महिला उन्हें परेशान करती थी, जिसके कारण वे हॉस्टल छोड़कर जा रहे हैं। हालांकि पत्र में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। हॉस्टल प्रबंधन ने मामले की जानकारी पुलिस को देने की बात कही है। तीनों छात्रों के अचानक लापता होने से परिजन चिंतित हैं और उनकी तलाश की जा रही है। वहीं घटना ने हॉस्टल में बच्चों की सुरक्षा और रात के समय निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।