मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। आईपीएल फाइनल को लेकर जिले के नाहरगढ़ गांव में क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। गांव के अम्बिका गार्डन में क्रिकेट प्रेमियों द्वारा फाइनल मुकाबले के लाइव प्रसारण की विशेष व्यवस्था की गई, जहां बड़ी एलईडी स्क्रीन पर सैकड़ों लोगों ने एक साथ बैठकर मैच का आनंद लिया।
शाम 7:30 बजे से ही क्रिकेट प्रशंसक आयोजन स्थल पर पहुंचने लगे थे। दर्शकों की सुविधा के लिए चाय, पोहा और अन्य नाश्ते की व्यवस्था भी की गई थी, जिससे पूरा वातावरण क्रिकेट महोत्सव जैसा दिखाई दिया। फाइनल मुकाबले के दौरान हर चौके, छक्के और विकेट पर दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा। अपनी पसंदीदा टीम के समर्थन में लोग लगातार तालियां बजाते और उत्साहवर्धन करते नजर आए।
जैसे-जैसे मैच रोमांचक होता गया, वैसे-वैसे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ती गई। मुकाबला समाप्त होने के बाद आरसीबी की जीत पर क्रिकेट प्रेमियों ने जमकर खुशी मनाई। लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और जीत का जश्न मनाया। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा पूरे आयोजन स्थल पर उल्लास का माहौल बना रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह के आयोजन खेल प्रेमियों को एक मंच पर जोड़ने का काम करते हैं। नाहरगढ़ में आयोजित इस कार्यक्रम ने खेल भावना और सामूहिक सहभागिता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया, जहां क्रिकेट के प्रति लोगों का जुनून और उत्साह साफ दिखाई दिया।




