छतरपुर। खजुराहो थाना क्षेत्र के खर्रोही गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय बालक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, खर्रोही गांव निवासी हिरदेश पाल (14), पिता शिवप्रसाद पाल कुएं से पानी भरने गया था। इसी दौरान वह अचानक कुएं में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बालक को बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की जानकारी मिलने पर खजुराहो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। बताया जा रहा है कि जिस कुएं में हादसा हुआ, वहां सुरक्षा के लिए मुंडेर नहीं थी। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
14 वर्षीय हिरदेश की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद पूरे खर्रोही गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।











