दमोह/हटा, सुदीप नगरिया। दमोह जिले के गैसाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत भैंसा गांव निवासी एक परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। यहां एक घर में मां के निधन की सूचना मिलते ही 38 वर्षीय पुत्र ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना बीती रात की बताई जा रही है। एक साथ मां और बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और समूचे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक धर्मेंद्र दुबे (38 वर्ष) की मां उमादेवी पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं और वे अमानगंज (पन्ना) स्थित अपनी पुत्री के यहां रह रही थीं। शुक्रवार को बीमारी के चलते उमादेवी का अचानक देहांत हो गया। जैसे ही यह दुखद खबर भैंसा गांव में उनके पुत्र धर्मेंद्र तक पहुंची, वह गहरे सदमे और मानसिक आघात में आ गया।


बीती रात घर के भीतर लगाया फंदा, सुबह फंदे पर लटका मिला शव

मां के जाने का वियोग धर्मेंद्र सहन नहीं कर पाया और उसने रात के समय अपने ही घर के भीतर फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। शनिवार की सुबह जब परिजनों ने धर्मेंद्र का शव फंदे पर लटकता देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तत्काल इस अप्रत्याशित घटना की सूचना गैसाबाद थाना पुलिस को दी।


पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम, मर्ग कायम कर जांच शुरू

घटना की जानकारी लगते ही शनिवार सुबह करीब 9:00 बजे गैसाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल हटा भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले को जांच में ले लिया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।