भिंड, अक्षय जोशी। भिंड जिले के उमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम खारिका मोतीपुरा में जमीन के पुराने विवाद ने शनिवार को अचानक हिंसक रूप ले लिया। जमीन पर कब्जे और मिल्कियत को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। गुस्साए दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों और अवैध हथियारों के साथ आमने-सामने आ गए। विवाद इतना उग्र हो गया कि दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई, जिससे पूरे गांव में भगदड़ और चीख-पुकार मच गई।
इस भीषण खूनी टकराव में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन से अधिक (6 से 7) लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। कई लोगों को लाठियों की चोटों से गहरे घाव आए हैं, वहीं गोलीबारी के छर्रे लगने की भी सूचना है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को उपचार के लिए भिंड जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल मरीजों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल (ग्वालियर) रेफर कर दिया है।
उमरी पुलिस ने संभाला मोर्चा, गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही उमरी थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को अपने नियंत्रण में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। वारदात के बाद से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश, दर्ज हो रहा क्रॉस केस
थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर के अनुसार, घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें हथियार लहराने और गोलीबारी करने वाले आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।












