हरपालपुर/महोबा। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पर धसान नदी पर स्थित चौधरी चरण सिंह लहचूरा बांध पर रविवार दोपहर पिकनिक मनाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली से अपने दोस्त से मिलने आए तीन युवक बांध के तेज बहाव में नहाने के दौरान गहरे पानी में उतर गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दो युवकों को तो सुरक्षित बचा लिया, लेकिन गहरे भंवर में फंसने के कारण एक युवक की डूबने से मौत हो गई। करीब पांच घंटे तक चले सघन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से चट्टानों के बीच फंसे मृतक के शव को बाहर निकाला।
दोस्त से मिलने दिल्ली से आए थे बुंदेलखंड, छुट्टी मनाने पहुंचे थे डैम
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के मंगोलपुरी निवासी राहुल (30 वर्ष), किराड़ी निवासी धनंजय मिश्रा (20 वर्ष) और भारत विहार (मूल निवासी सुखपाल नगर, प्रतापगढ़) निवासी रोहित कुमार (31 वर्ष) रविवार की छुट्टी के अवसर पर अपने सहकर्मी दोस्त रवि से मिलने पनवाड़ी थाना क्षेत्र के बैंदो गांव आए थे। दोपहर के समय तीनों दोस्त कार से पिकनिक मनाने और घूमने के लिए हरपालपुर के समीप स्थित लहचूरा बांध पहुंचे।
चेतावनी को किया अनदेखा, गहराई और भंवर के थपेड़ों में समाया युवक
इन दिनों लगातार हो रही बारिश के कारण लहचूरा बांध और धसान नदी पूरे उफान पर हैं। बांध प्रबंधन द्वारा सैलानियों की सुरक्षा के लिए जगह-जगह पानी में न उतरने के चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। इसके बावजूद तीनों युवक चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए बांध से गिरने वाले पानी के समीप नहाने लगे। पानी की गहराई का सही अंदाजा न होने और तेज सैलाब के कारण तीनों गहराई में चले गए। पुलिस के अनुसार, तीनों को तैरना नहीं आता था। पानी के तेज बहाव और भंवर के थपेड़ों में फंसकर जब वे चिल्लाने लगे, तो आसपास मौजूद लोगों ने प्रयास कर दो युवकों को बाहर खींच लिया, लेकिन राहुल गहरे पानी में डूब गया।
5 घंटे चला सर्च ऑपरेशन, चट्टानों के बीच फंसा मिला शव
घटना की सूचना मिलते ही महोबकंठ थाना प्रभारी अर्जुन सिंह पुलिस बल और स्थानीय गोताखोरों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। गोताखोरों ने पानी के भारी दबाव और तेज बहाव के बीच करीब 5 घंटे तक डैम की गहराई में तलाश अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद पानी के भीतर एक चट्टान के बीच फंसे राहुल के शव को खोजकर बाहर निकाला गया।
परिजनों को दी गई सूचना, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
महोबकंठ थाना पुलिस ने दिल्ली स्थित परिजनों को इस हृदयविदारक हादसे की जानकारी दे दी है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए महोबा जिला अस्पताल भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि मानसून के दौरान लहचूरा बांध पर पानी का बहाव बेहद खतरनाक रहता है, इसके बावजूद पर्यटकों द्वारा बरती जाने वाली लापरवाही अक्सर जानलेवा हादसों का सबब बनती रही है।




