सतना, अंबिका केशरी। जिले के कोटर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित बाणसागर नहर के पास एक यात्री बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर नहर की रेलिंग में जा फंसी। हादसे के बाद सतना-सेमरिया मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान चालक संतुलन खो बैठा और सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वह नहर की रेलिंग में फंस गई। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया और कई यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई।


हादसे के दौरान बस में सवार दो यात्रियों के पैर गेट में बुरी तरह फंस गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। स्थानीय लोगों की मदद से ग्राइंडर मशीन से बस के गेट को काटकर दोनों घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया।


इस दुर्घटना में करीब एक दर्जन यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल कोटर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त बस (क्रमांक MP 19 P 0614) सेमरिया से सतना की ओर आ रही थी।