छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र के हतनाई गांव में पैतृक जमीन को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद के बीच एक 21 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका अपने पीछे छह माह की मासूम बेटी को छोड़ गई है। घटना के बाद गांव और परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, मृतका रानी आदिवासी (21) की शादी तीन वर्ष पूर्व हतनाई निवासी राजेश आदिवासी से हुई थी। मृतका के पिता सजी आदिवासी निवासी भिलगुवा थाना राजनगर ने आरोप लगाया कि रानी के चाचा ससुर भुजी एवं सास भागवती ने पैतृक जमीन का एक हिस्सा बेच दिया था और शेष जमीन को भी बेचने की तैयारी कर रहे थे। रानी इसका विरोध करती थी और परिवार की जमीन बचाने की बात कहती थी, क्योंकि उसका मानना था कि पूरी जमीन बिक जाने से उसके बच्चों का भविष्य प्रभावित होगा।


परिजनों का कहना है कि जमीन को लेकर घर में लगातार विवाद होता था, जिससे रानी मानसिक तनाव में रहने लगी थी। इसी तनाव के चलते उसने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।


मृतका के पिता ने बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, ईशानगर थाना पुलिस का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के कारणों एवं लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।