देवास,हेमंत गुर्जर। जिले की खातेगांव तहसील के ग्राम दावठा में कथित जमीन विवाद और लगातार मानसिक दबाव से परेशान होकर 38 वर्षीय दलित युवक अर्जुन मेहंदिया ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले अर्जुन मेहंदिया ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें उसने गांव के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो में अर्जुन ने कहा कि उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुका है।
जहर सेवन करने के बाद परिजन उसे तत्काल खातेगांव के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने इंदौर रेफर कर दिया। परिजन उसे इंदौर ले जा रहे थे, तभी चापड़ा के पास रास्ते में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है। वहीं आत्महत्या से पहले बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। परिजनों ने मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।




