नौगांव, कमल यादव। श्रीमती शांति देवी मिश्रा की जन्मशती के अवसर पर गणेश प्रसाद मिश्रा सेवा न्यास के तत्वावधान में शनिवार को नगर के सरस्वती स्कूल परिसर में दो दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर में गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल के करीब 30 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम स्टाफ के साथ मरीजों की जांच और उपचार संबंधी परामर्श दे रही है।
शिविर के पहले दिन नौगांव सहित छतरपुर, टीकमगढ़, महोबा और आसपास के ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य परीक्षण कराने पहुंचे। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न बीमारियों की जांच के साथ मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
गणेश प्रसाद मिश्रा सेवा न्यास के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि उनकी माता स्वर्गीय श्रीमती शांति देवी मिश्रा की जन्मशती के उपलक्ष्य में इस सेवा कार्य का आयोजन किया गया है। शिविर में कैंसर जांच, ब्लड शुगर, हड्डी रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, मेडिसिन सहित विभिन्न बीमारियों की आधुनिक उपकरणों से निशुल्क जांच की जा रही है।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर 1 और 2 अगस्त को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगा। मेदांता अस्पताल के अनुभवी विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम का नौगांव में यह तीसरा स्वास्थ्य शिविर है। आयोजन का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर निशुल्क उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि गणेश प्रसाद मिश्रा सेवा न्यास स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े अन्य कार्य भी करता है। न्यास की ओर से देश के विभिन्न शहरों में वृक्षारोपण, जनकल्याण और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं।




