घुवारा, रूपेन्द्र पाल। केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक ने रविवार को सादगी और जनसंपर्क की अनूठी मिसाल पेश करते हुए यात्री बस में बैठकर करीब सवा सौ किलोमीटर का सफर तय किया। मंत्री खटीक सागर से टीकमगढ़ तक आम यात्रियों के बीच सामान्य सीट पर बैठकर यात्रा करते रहे और इस दौरान लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। यात्रा के दौरान वे घुवारा नगर भी पहुंचे, जहां उन्होंने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनसे आत्मीय मुलाकात की।
बस यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर देशवासियों से अपील कर रहे हैं। बढ़ती महंगाई और सीमित संसाधनों को देखते हुए सार्वजनिक परिवहन को अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि और अधिकारी स्वयं आगे बढ़कर ईंधन बचत का संदेश देंगे, तभी समाज में सकारात्मक बदलाव संभव हो सकेगा।
डॉ. खटीक ने बताया कि इसी सोच के तहत उन्होंने सरकारी काफिले और अतिरिक्त वाहनों के बजाय यात्री बस से सफर कर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया है। बस में सफर कर रहे यात्रियों ने केंद्रीय मंत्री को अपने बीच पाकर खुशी जताई। यात्रियों ने कहा कि पहली बार किसी बड़े जनप्रतिनिधि को इतनी सहजता और सादगी के साथ आम जनता के बीच सफर करते देखा है।




