मुंबई। अभिनेत्री उपासना सिंह ने गायक दलेर मेहंदी के साथ हुए विवाद पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि वह दलेर मेहंदी को बहुत अच्छी तरह जानती हैं और वह कभी शराब नहीं पीते।
अभिनेत्री उपासना सिंह ने आईएएनएस के साथ बातचीत में दलेर मेहंदी का पक्ष लेते हुए कहा कि तबीयत खराब होने के बावजूद वह अपना वादा निभाने के लिए कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
उन्होंने कहा, "मैं दलेर जी को अच्छे से जानती हूं, वे शराब नहीं पीते हैं। हां, ऐसा हो सकता है कि इस उम्र में तबीयत खराब होने की वजह से वह अच्छे से परफॉर्म नहीं कर पाए होंगे। कई बार ऐसा भी होता है कि कलाकार लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाते हैं, तो मुझे लगता है कि ये बात भी हर इंसान को समझनी चाहिए। क्योंकि हमें नहीं पता कि कोई व्यक्ति किस तरह की परेशानी से गुजर रहा है और दलेर मेहंदी जी बीमार भी थे। ऐसा होता भी है कि जब कोई बीमार होता है, तो वह बेड से भी नहीं उठ पाता है।"
अभिनेत्री ने आगे कहा, "दलेर मेहंदी जी ने पहले वादा किया था कि वे परफॉर्म करेंगे, जिस वजह से वह तबीयत खराब होने पर भी वहां परफॉर्म करने गए थे। बाद में मीका ने भी कहा था कि दलेर मेहंदी जी बीमार थे।"
उपासना सिंह का मानना है कि उत्तराखंड में दलेर मेहंदी के साथ जो हुआ है, वह एक कलाकार के लिए अपमानजनक है। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल को पहले थोड़ा समझना चाहिए था। अगर उन्हें परफॉर्मेंस समझ नहीं आती, तो उन्हें स्टेज पर ऐसे नहीं बोलना चाहिए था।"
हालांकि, मामला आगे बढ़ने के बाद उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने गायक की टीम पर आरोप लगाया था कि नई टिहरी के कुंजापुरी मेले में परफॉर्मेंस के लिए दलेर मेहंदी की टीम ने 35 लाख रुपए एडवांस और पूरे होटल की बुकिंग का पैसा पहले ही ले लिया था। मंत्री का कहना था कि इतनी बड़ी रकम लेने के बावजूद दलेर मेहंदी मंच पर सही से खड़े नहीं हो पा रहे थे और लिप-सिंक कर रहे थे।
अभिनेत्री ने कहा, "जब कोई भी कलाकार परफॉर्म करता है, तो उसे रुपए मिलते हैं, लेकिन इसका मतलब बिल्कुल भी ये नहीं है कि उन्होंने किसी भी कलाकार को खरीद लिया है।"
















