मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। भानपुरा क्षेत्र में निजी यात्री बस में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ स्कूली बच्चे बस की छत पर बैठकर सफर करते नजर आ रहे हैं। बच्चों का इस तरह जान जोखिम में डालकर यात्रा करना यात्री सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।


स्थानीय लोगों के अनुसार, बच्चों की सुरक्षा को ताक पर रखकर ओवरलोड यात्री बसें सड़कों पर दौड़ रही हैं। इससे पहले भी क्षेत्र में ओवरलोड टेम्पो का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ चुका है। लगातार इस तरह के वीडियो सामने आने के बावजूद जिम्मेदार विभाग की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


यह भी पढि़ए: खूनी संघर्ष:गणेश विसर्जन के दौरान 16 वर्षीय किशोर को चाकू मारा



बस की छत पर बैठकर सफर करना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। ऐसे में लोगों ने परिवहन विभाग से ओवरलोड वाहनों के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की है। सवाल यह भी है कि जिम्मेदार अधिकारी समय रहते कार्रवाई करेंगे या किसी बड़े हादसे के बाद ही व्यवस्था जागेगी।