मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। दलौदा क्षेत्र के भंडारिया गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद ग्रामीणों और परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने दलौदा स्थित भावगढ़ फंटे पर महू-नीमच रोड को जाम कर दिया, जिससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया।
जानकारी के अनुसार भंडारिया गांव में बीती रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतक के परिजन और ग्रामीण इसे हत्या का मामला बता रहे हैं तथा घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही दलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए थे और क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी।
पुलिस का कहना है कि युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




