भोपाल, जीतेन्द्र यादव। वक्फ बोर्ड में गैर-मुस्लिम सदस्य की नियुक्ति का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को भोपाल की ताजुल मस्जिद में जुमे की नमाज अदा करने पहुंचे मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने इसे शांतिपूर्ण विरोध बताते हुए कहा कि वक्फ बोर्ड जैसे धार्मिक संस्थान में गैर-मुस्लिम सदस्य की नियुक्ति उचित नहीं है।


प्रदर्शन के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कहा कि वक्फ बोर्ड मुस्लिम समाज की धार्मिक और संपत्ति संबंधी व्यवस्थाओं से जुड़ा संस्थान है, इसलिए इसमें केवल मुस्लिम सदस्यों की ही भागीदारी होनी चाहिए। उनका कहना था कि यदि गैर-मुस्लिम सदस्य को नहीं हटाया गया तो आने वाले दिनों में उनका विरोध जारी रहेगा।


प्रदर्शनकारियों ने सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए कहा कि उनकी भावनाओं का सम्मान किया जाए। पूरे विरोध प्रदर्शन के दौरान समुदाय के लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी और काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध जताया।