छतरपुर, लोकेन्द्र सिंह बुंदेला। बड़ामलहरा के ग्राम पंचायत बमनी घाट अंतर्गत हरिजन खेड़ा गांव में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब स्वास्थ्य विभाग की टीम झोलाछाप डॉक्टर पर कार्रवाई करने पहुंची। कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने बीएमओ जयंत यादव समेत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को घेर लिया और करीब एक घंटे तक गांव में ही रोककर रखा।


जानकारी के मुताबिक गांव में लंबे समय से एक झोलाछाप डॉक्टर द्वारा इलाज किए जाने की शिकायत स्वास्थ्य विभाग को मिल रही थी। इसी आधार पर बीएमओ अपनी टीम के साथ जांच और कार्रवाई करने पहुंचे थे। कार्रवाई का विरोध करते हुए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और टीम को गांव से बाहर नहीं जाने दिया।


स्थिति बिगड़ने पर प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद बड़ामलहरा और गुलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही एसडीएम और तहसीलदार ने भी गांव पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश दी। करीब एक घंटे की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ और स्वास्थ्य विभाग की टीम को सुरक्षित बाहर निकाला गया।


फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं प्रशासन ने अवैध रूप से चिकित्सा कार्य करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।