छतरपुर, संजय अवस्थी। शहर के उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 में बारिश के बाद स्कूल परिसर की व्यवस्थाओं की पोल खुलती नजर आ रही है। कक्षा 6वीं से 8वीं तक की कक्षाएं जहां संचालित होती हैं, वहां स्कूल का मैदान पानी से लबालब भर गया है। मैदान की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है, मानो खेल मैदान ने तालाब का रूप ले लिया हो।


वहीं कक्षाओं तक पहुंचने वाली गैलरी की छत से लगातार पानी टपक रहा है। शिक्षकों के बैठने वाले कक्ष में भी बारिश का पानी टपकने से परेशानी बनी हुई है। इससे छात्रों और शिक्षकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।


कहने को तो विद्यालय का नाम उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 है, लेकिन बारिश के दौरान सामने आ रही ये समस्याएं स्कूल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही हैं। अभिभावकों और छात्रों ने स्कूल परिसर में जलभराव तथा जर्जर छतों की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।