मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। नौतपा के दौरान पड़ रही भीषण गर्मी और तेज तपिश के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली। जिले के कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी और हल्की बारिश का दौर शुरू हुआ, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।
पिछले कई दिनों से लगातार बढ़ रहे तापमान और उमस के कारण आमजन परेशान थे, लेकिन मौसम में आए बदलाव से वातावरण सुहाना हो गया। बारिश की फुहारों और ठंडी हवाओं ने गर्मी के असर को काफी हद तक कम कर दिया। तापमान में गिरावट आने से लोगों ने राहत की सांस ली।
शहर के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों में भी मौसम का मिजाज बदला नजर आया। आसमान में बादल छाने के बाद कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने पहले ही बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई थी, जो सही साबित हुई।
नौतपा के बीच हुई इस बारिश ने गर्मी के तेवर नरम कर दिए हैं। हालांकि मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी मौसम में बदलाव बने रहने की संभावना व्यक्त की है।

