विदिशा/रायसेन। शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को वीडियो माध्यम से विदिशा-रायसेन संसदीय क्षेत्र में गेहूं उपार्जन व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बनाते हुए उन्होंने उपार्जन केंद्रों पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने साफ कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए, यह सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्लॉट बुकिंग, पंजीयन और सत्यापन से जुड़ी समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए। जिन किसानों का स्लॉट तकनीकी कारणों से नहीं बन पाया है, उन्हें दोबारा मौका देकर प्रक्रिया में शामिल किया जाए।
इसके साथ ही उपार्जन केंद्रों पर बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता, तौल कांटों की संख्या बढ़ाने और व्यवस्थाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि हर किसान का गेहूं हर हाल में खरीदा जाएगा। इसके लिए जरूरत पड़ने पर उपार्जन अवधि बढ़ाने, मात्रा सीमा में बदलाव और अन्य सुधारों पर भी शासन स्तर पर विचार किया जाएगा, ताकि पूरी प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और किसान हितैषी बनी रहे।

