दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह-सागर रोड स्थित गढ़ाकोटा क्षेत्र के कौरासा टोल प्लाजा पर भाजपा नेता और उनके समर्थकों द्वारा टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, गढ़ाकोटा क्षेत्र के जनपद सदस्य और भाजपा नेता मुकेश यादव अपने वाहन समेत तीन गाड़ियों के काफिले के साथ दमोह की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि गाड़ियों में करीब 15 से 16 युवक सवार थे। जब उनका काफिला कौरासा टोल प्लाजा पहुंचा, तो कर्मचारियों ने बैरियर लगाकर टोल टैक्स मांगा।
आरोप है कि टोल मांगने पर भाजपा नेता मुकेश यादव भड़क गए और कर्मचारियों से गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उनके साथ मौजूद युवकों ने टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। मौके पर लाठी, लात और घूंसों से हमला किया गया। घटना के दौरान टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में टोल प्लाजा के दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम सिंह दांगी ने बताया कि जनपद सदस्य मुकेश यादव सहित 15-16 अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने रात में ही मौके और अस्पताल पहुंचकर जांच की। आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।




