कटनी। कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत एक तेज रफ्तार पिकअप और ऑटो के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में 30 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पिकअप चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। मृतका की पहचान लक्ष्मी राजपाल उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम भरदा बड़खेरा के रूप में हुई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी राजपाल अपने मायके झिन्नपिपरिया से वापस अपने गांव भरदा बड़खेरा जाने के लिए ऑटो में सवार हुई थीं। रास्ते में सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में लक्ष्मी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तुरंत शासकीय अस्पताल स्लीमनाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।


घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों ने स्वास्थ्य कर्मियों पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि मृतका दोनों कानों में सोने के बाले पहने हुए थी, लेकिन अस्पताल में शव देखने पर एक कान का बाला गायब मिला और कान बुरी तरह फटा हुआ था। परिजनों का सीधा आरोप है कि अस्पताल कर्मियों द्वारा महिला के कान से जबरन सोने का बाला खींचा गया है। परिजनों ने मामले में फरार पिकअप चालक की गिरफ्तारी के साथ-साथ जेवरात गायब करने वाले संबंधित अस्पताल कर्मियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।