अमरपाटन। अमरपाटन क्षेत्र के ग्राम बिदा में शादी समारोह की तैयारी के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। टेंट लगाने के दौरान एक युवक 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। बताया जा रहा है कि युवक टेंट लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान लोहे का पाइप अचानक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। पाइप में करंट उतरते ही युवक उसकी चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया।


घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अमरपाटन पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया। फिलहाल युवक का इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में बिजली सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।