रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले अंतर्गत धरमजयगढ़ में स्कूल से घर लौट रही छात्राओं के सामने अश्लील गाना गाकर रील बनाने और उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपलोड करने का मामला सामने आया है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए आरोपी युवक को पूछताछ के लिए थाने तलब किया।


SDOP ने दी कड़ी समझाइश, युवक ने मांगी लिखित माफी

पुलिस की पूछताछ में आरोपी युवक, जिसकी पहचान जयदेव मंडल (25 वर्ष) के रूप में हुई है, ने अश्लील रील बनाने और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की बात स्वीकार की। धरमजयगढ़ के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) सिद्धांत तिवारी ने युवक को पुलिस थाने में तलब कर कड़ी फटकार लगाई और सोशल मीडिया के मर्यादित व जिम्मेदाराना उपयोग की सख्त समझाइश दी। इसके बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और भविष्य में इस तरह का कृत्य दोबारा न दोहराने का लिखित आश्वासन दिया।


रायगढ़ पुलिस मॉनिटरिंग सेल की पैनी नजर

रायगढ़ पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले की 'सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल' द्वारा इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर लगातार नजर रखी जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं व छात्राओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने या सोशल मीडिया पर अश्लीलता और हुड़दंग फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।