बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। राजस्थान के बागड़ धाम (गोगामेड़ी) से दर्शन कर बदायूं लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गााड़ी को एक तेज रफ्तार कैंटर ने पीछे से टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में 3 बच्चों और 3 महिलाओं समेत कुल 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 19 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।


30 मीटर दूर तक छितरा गईं लाशें, एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा रविवार देर रात करीब 1 बजे खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र के बसी और बड़ा गांव के बीच हुआ। कैंटर की टक्कर के बाद पिकअप बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई और सड़क पर घिसटते हुए पलट गई। टक्कर का प्रभाव इतना तेज था कि तेज धमाके के साथ वाहन में सवार लोग सड़क पर दूर-दूर तक जा गिरे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। एक्सप्रेस-वे पर पड़े घायलों को तुरंत एंबुलेंस और पुलिस वाहनों के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।


बदायूं के एक ही गांव के रहने वाले थे सभी श्रद्धालु

हादसे में घायल कुंवरपाल ने बताया कि पिकअप में कुल 32 श्रद्धालु सवार थे और सभी बदायूं जिले के अल्लापुर चमारी गांव के निवासी थे। श्रद्धालु पिछले 20 सालों की परंपरा के अनुसार राजस्थान के हनुमानगढ़ स्थित गोगामेड़ी (जागरवीर बाबा गोगाजी महाराज समाधि स्थल) दर्शन के लिए गए थे। रात में जब अधिकांश लोग सो रहे थे, तभी यह दर्दनाक दुर्घटना घटी।


डीएम-एसपी पहुंचे अस्पताल, सपा नेताओं ने मांगी आर्थिक सहायता

घटना की जानकारी मिलते ही डीएम अस्मिता लाल और एसपी सूरज राय ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य का जायजा लिया और डॉक्टरों को समुचित इलाज के निर्देश दिए। गंभीर घायलों का उपचार बागपत और मेरठ के अस्पतालों में चल रहा है।


घटना की जानकारी मिलने के बाद बदायूं के सपा सांसद धर्मेंद्र यादव और आदित्य यादव के निर्देश पर पार्टी के पदाधिकारी पीड़ितों से मिलने पहुंचे। सपा नेताओं ने पीड़ित परिवारों के लिए उचित आर्थिक सहायता, पोस्टमार्टम प्रक्रिया में तेजी और घायलों को निशुल्क बेहतर इलाज देने की मांग की है। पुलिस ने सभी मृतकों की पहचान कर परिजनों को सूचित कर दिया है और अज्ञात वाहन व हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।