छतरपुर, संजय अवस्थी। जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र से चोरी का एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यहां एक युवक के पिछले 7 दिनों से लगातार रोजाना अंडरवियर (चड्डी)चोरी होने का मामला सामने आया है। परेशान युवक ने अब पुलिस थाने पहुंचकर लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित गौरीशरण कुशवाहा के मुताबिक, पिछले करीब सात दिनों से उसके घर से रोजाना एक-एक करके अंडरवियर गायब हो रहे हैं। युवक का कहना है कि वह घर में ताला लगाकर बाहर जाता है, इसके बावजूद वापस लौटने पर उसके कपड़े गायब मिलते हैं। अब तक करीब 7 अंडरवियर चोरी हो चुके हैं।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से युवक मानसिक रूप से परेशान है। पीड़ित को आशंका है कि घर की छत पर दरवाजा नहीं होने के कारण कोई व्यक्ति वहां से अंदर प्रवेश कर उसके कपड़े चोरी कर रहा है। हालांकि, चोरी के पीछे कौन है और आखिर अंडरवियर ही क्यों चोरी किए जा रहे हैं, यह फिलहाल जांच का विषय बना हुआ है।
पीड़ित ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को देते हुए लवकुशनगर थाने में लिखित शिकायत दी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि लगातार हो रही इस चोरी के पीछे कौन है और चोरी की घटनाओं को किस तरह अंजाम दिया जा रहा है।




