भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में यूथ कांग्रेस ने प्रदेश के डिप्टी सीएम एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के बंगले पर प्रदर्शन किया। इस दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नकली नोट उड़ाकर सांकेतिक प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
यूथ कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अभिषेक परमार के नेतृत्व में कार्यकर्ता डिप्टी सीएम के बंगले पर पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खजाने से 600 करोड़ रुपये गायब होने का आरोप लगाते हुए सरकार से जवाब मांगा।
अभिषेक परमार ने आरोप लगाया कि सरकारी खजाने से जनता के 600 करोड़ रुपये गायब हो जाते हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी मछलियों पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाती है, जबकि बड़े मगरमच्छों को बचा लिया जाता है।
यूथ कांग्रेस ने सरकार से पूरे मामले में जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अभिषेक परमार ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मामले में जवाब नहीं दिया तो आने वाले दिनों में यूथ कांग्रेस द्वारा इससे भी बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।














