छतरपुर, संजय अवस्थी। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने अपने हाथ की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल युवक की पहचान शिव प्रसाद के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार शशांक जैन जिला अस्पताल पहुंचे और घायल के कथन दर्ज किए। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।
अस्पताल में उपचार के दौरान शिव प्रसाद ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा उस पर फर्जी मामला दर्ज किया गया है, जिससे वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान था। उसका कहना है कि इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस उसके घर पहुंची और परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया।
शिव प्रसाद ने बताया कि वह मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से भी जूझ रहा है और उसका इलाज चल रहा है। उसने कहा कि परिवार लगातार परेशानियों का सामना कर रहा है। युवक का यह भी कहना है कि वह विभिन्न मामलों में बरी हो चुका है, इसके बावजूद पुलिस सत्यापन नहीं मिल रहा है, जबकि इस संबंध में वह कई बार आवेदन दे चुका है।
प्राथमिक जांच में युवक के हाथों पर ब्लेड से कटने के पुराने निशान भी पाए गए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि वह पूर्व में भी स्वयं को नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाओं को अंजाम दे चुका है। फिलहाल प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा युवक के आरोपों और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।




