दमोह/हटा, जिमी नगरिया। गैसाबाद थाना क्षेत्र के जलखण्डी के पास व्यारमा नदी में गुरुवार दोपहर नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सक्षम जैन, पिता चक्रेश जैन के रूप में हुई है।


जानकारी के अनुसार सक्षम अपने दोस्तों के साथ व्यारमा नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे किसी तरह पानी से बाहर निकाला और तत्काल सिविल अस्पताल हटा लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सक्षम को मृत घोषित कर दिया।


बताया जा रहा है कि घटना गुरुवार दोपहर करीब एक बजे की है। युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गैसाबाद सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।


अस्पताल प्रबंधन की ओर से घटना की सूचना संबंधित थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा सहित आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस घटना के संबंध में जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच कर रही है।