छतरपुर, शिवम सोनी। पिपट थाना क्षेत्र के ग्राम रगौली में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में परिजनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पहुंचे परिजनों ने एसपी को एक ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
ग्रामीणों के साथ एसपी कार्यालय आवेदन देने पहुंचे मृतक का भाई प्रहलाद सिंह परमार ने बताया कि मृतक पुष्पेंद्र सिंह तनय स्व. मोहन सिंह परमार निवासी ग्राम रगौली ने प्रताडऩा से तंग आकर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। परिजनों का आरोप है कि घटना से पूर्व 9 अगस्त 2026 को गोविंद सोनी के कहने पर छतरपुर के किसी पुलिसकर्मी का फोन आया था, साथ ही एक अन्य नंबर से मिस कॉल भी आई थी। इसके बाद जब पुष्पेंद्र सिंह छतरपुर गए, तो उन्होंने लौटकर परिजनों को बताया कि गोविंद सोनी की शह पर पुलिसकर्मियों द्वारा उनके साथ अत्यधिक अभद्र व्यवहार और बेइज्जती की गई। आरोप है कि उनसे 5 लाख रुपये की मांग की गई और रुपये न देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई।
परिजनों का स्पष्ट कहना है कि गोविंद सोनी और प्रियांशी राजपूत द्वारा दिए गए झूठे आवेदन और मानसिक प्रताडऩा से आहत होकर ही पुष्पेंद्र सिंह ने यह आत्मघाती कदम उठाया है। मृतक मृत्यु से पूर्व एक सुसाइड नोट भी छोड़ गए हैं, जिसमें अपनी व्यथा जाहिर की गई है।
मृतक के भाई और आवेदक प्रहलाद सिंह परमार ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि संबंधित मोबाइल नंबरों की सीडीआर और लोकेशन निकालकर मामले की गहराई से जांच की जाए। साथ ही, गोविंद सोनी, प्रियांशी राजपूत एवं संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही करते हुए मामला दर्ज किया जाए ताकि पीडि़त परिवार को न्याय मिल सके।




