भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल में एक मुस्लिम युवक के साथ कथित मारपीट और धार्मिक टिप्पणी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में मंगलवार देर रात मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो भोपाल बंद किया जाएगा।


जानकारी के अनुसार, रविवार को गौतम नगर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में हिंदू संगठन से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने एक युवक और युवती को पकड़ लिया था। आरोप है कि युवक के चेहरे पर स्याही और गोबर पोतकर उसे अर्धनग्न कर पीटा गया तथा बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गरमा गया।


मंगलवार रात करीब 11 बजे हमीदिया अस्पताल के पास बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। हालात को देखते हुए अस्पताल के गेट बंद कर दिए गए और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने क्षेत्र में बेरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। देर रात तक प्रदर्शन जारी रहा।


प्रदर्शन शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी की अगुवाई में किया गया। इस दौरान कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद, आतिफ अकील तथा एआईएमआईएम नेता मोहसिन अली भी मौजूद रहे। नेताओं ने लोगों को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने की अपील की।


प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि युवक के साथ मारपीट के दौरान धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने कहा कि घटना के दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने हमलावरों को रोकने के बजाय उनका साथ दिया। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।


इसके बाद समाज के लोग पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच होगी और दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।


इधर, पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि वह पिछले करीब पांच वर्षों से युवक आरिफ खान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है और वह उसके खिलाफ किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती। युवती ने यह भी कहा कि उसके साथ किसी प्रकार की जबरदस्ती या गलत व्यवहार नहीं हुआ है।