बैतूल, सुरेन्द्र बावने। बीजादेही थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर 16 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 24 सितंबर की शाम करीब 4 से 4:20 बजे के बीच नट्टी नदी गली के पास की बताई गई है। शिकायत के अनुसार ओमप्रकाश यादव, बसंत यादव और गब्बर यादव ने रोहित यादव को घेरकर उसके साथ मारपीट की और इसी दौरान ओमप्रकाश ने उसके पेट में चाकू से वार कर दिया।
चाकू लगने से रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया और काफी खून बह गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शी सुखदेव यादव ने फोन कर रोहित की मां को घटना की जानकारी दी। इसके बाद धर्मेंद्र और बलदेव घायल रोहित को मोटरसाइकिल से शाहपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
रोहित की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बसंत यादव और ओमप्रकाश यादव से उनके परिवार का पहले से विवाद चल रहा है। परिजनों ने आरोप लगाया कि इसी पुरानी रंजिश के चलते किशोर पर हमला किया गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई और वे खुलेआम घूम रहे हैं। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को घटना की सूचना 25 सितंबर की सुबह मिली। इसके बाद बीजादेही पुलिस ने ओमप्रकाश यादव, बसंत यादव और गब्बर यादव पिता इछारदास यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए), 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











