छतरपुर। बुंदेलखंड की रियासतकालीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत श्रावण द्वादशी मां अन्नपूर्णा मेला जलविहार के 83वें आयोजन का शनिवार को पुरानी गल्ला मंडी में विधिवत एवं भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती ज्योति सुरेन्द्र चौरसिया ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। मंचीय कार्यक्रम के पूर्व उन्होंने मां अन्नपूर्णा एवं विमानों की महाआरती में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद लिया।
मेला मंच से नन्हे-मुन्ने कलाकारों ने एक से बढ़कर एक मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर उपस्थित अतिथियों एवं जनसमुदाय ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। मेला समिति की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन आयुषी मिश्रा ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी मनीष दोसाज ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जनपद अध्यक्ष मोनू यादव मंचासीन रहे।
मेला समिति के महासचिव अंकित दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि ज्योति सुरेन्द्र चौरसिया ने कहा कि मेला जलविहार हमारी सांस्कृतिक धरोहर है। इसे सहेजने और गरिमापूर्ण बनाए रखने की जिम्मेदारी केवल मेला समिति की नहीं, बल्कि शहर के सभी जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों की भी है। इस विरासत को संरक्षित कर आगे बढ़ाने के लिए सभी को बढ़-चढ़कर सहयोग करना चाहिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता पर भी विशेष जोर दिया। नगरपालिका अध्यक्ष ने मेला समिति की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया तथा 21 हजार रुपये की नगद सहयोग राशि भेंट की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समाजसेवी मनीष दोसाज ने कहा कि मेला जलविहार बुंदेलखंड की ऐतिहासिक धरोहर है। इसे आगे बढ़ाने के लिए उनका हमेशा सहयोग रहेगा। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी बच्चों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।
विशिष्ट अतिथि पूर्व जनपद अध्यक्ष मोनू यादव ने कहा कि भगवान करे मां अन्नपूर्णा मेला जलविहार का यह आयोजन वर्षों तक अनवरत चलता रहे। उन्होंने कहा कि मेले के सहयोग के लिए हम हमेशा तत्पर हैं और आगे भी रहेंगे।
मंचीय कार्यक्रम की शुरुआत में मंचासीन अतिथियों का मेला समिति के पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। स्वागत भाषण समिति संरक्षक रामशंकर अवस्थी ने दिया, जबकि आभार प्रदर्शन समिति अध्यक्ष सोनू गुप्ता ने किया। कार्यक्रम का संचालन व्यवस्थापक सौरभ तिवारी ने किया।
अंत में मेला समिति संरक्षक मंडल के सदस्यों ने सभी अतिथियों का शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासी, श्रद्धालु, मेला समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
आज बुंदेली लोकगीतों की प्रस्तुति
मेला जलविहार के सांस्कृतिक मंच पर आज रविवार को बुंदेली लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति होगी। इसमें श्रीमती लक्ष्मी त्रिपाठी, उर्मिला पांडेय एवं राजेश तिवारी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।











