शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले अंतर्गत करैरा नगर में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर सरकार) का भव्य आगमन हो चुका है। उनके करैरा पहुंचते ही हेलीपैड पर दर्शनार्थियों और श्रद्धालुओं का अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा। बागेश्वर सरकार के स्वागत के लिए शिवपुरी कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ उनका आत्मीय अभिनंदन किया। करैरा के बगीचा धाम, श्रीराम राजा सरकार धाम परिसर में 24 अक्टूबर से सात दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का शुभारंभ हो रहा है, जो आगामी 30 अक्टूबर तक चलेगी। इस दौरान बागेश्वर सरकार श्रद्धालुओं को श्रीराम के पावन चरित्र और आदर्शों का रसपान कराएंगे।
आयोजन समिति के अनुसार, 24 से 30 अक्टूबर तक चलने वाली यह संगीतमय श्रीराम कथा प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से आयोजित की जाएगी। कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री प्रभु श्रीराम के जीवन दर्शन, मानवीय मूल्यों और सनातन परंपरा पर सारगर्भित विचार रखेंगे। इसके साथ ही कथा के दौरान दो दिवसीय विशेष दिव्य दरबार का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं की समस्याओं और अर्जियों की सुनवाई की जाएगी। दिव्य दरबार को लेकर शिवपुरी सहित ग्वालियर, दतिया, झांसी और श्योपुर जिलों से भी श्रद्धालुओं का करैरा पहुंचना शुरू हो चुका है।
इस विराट धार्मिक महोत्सव के लिए बगीचा धाम में व्यापक स्तर पर अधोसंरचना तैयार की गई है। कथा में प्रतिदिन डेढ़ से दो लाख श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना को ध्यान में रखते हुए 26 बीघा के विशाल भू-भाग पर आधुनिक डोम और वाटरप्रूफ पंडाल स्थापित किया गया है। इसके साथ ही बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 8 बीघा क्षेत्र में वृहद अन्नपूर्णा भोजनशाला बनाई गई है, जहां लगातार प्रसादी और भंडारे का संचालन होगा। इससे पूर्व आयोजन की शुरुआत के उपलक्ष्य में 23 अक्टूबर को नगर में 11 हजार महिलाओं द्वारा भव्य और ऐतिहासिक कलश यात्रा निकाली गई थी, जिसने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
1200 जवानों की तैनाती, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
सुरक्षा और शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। आयोजन स्थल और संपूर्ण मेला क्षेत्र में करीब 1200 पुलिस अधिकारी और जवानों को तैनात किया गया है। पूरे पंडाल, पार्किंग और पहुंच मार्गों की निगरानी ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए की जा रही है। पंडाल में अंतिम छोर तक बैठे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई बड़ी एलईडी स्क्रीनें लगाई गई हैं। मुख्य यजमान पंडित राजेश दुबे 'भोला महाराज' के मार्गदर्शन में आयोजन समिति के करीब एक हजार स्वयंसेवक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे हैं।
चार प्रमुख दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए रूट डायवर्जन व पार्किंग
यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए यातायात पुलिस ने विस्तृत रूट डायवर्जन और पार्किंग योजना लागू की है। नवरा, भितरवार, डबरा और ग्वालियर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए खैराघाट रोड पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। शिवपुरी और गुना की ओर से आने वाले वाहनों को महुअर कॉलोनी तथा कॉलेज ग्राउंड में पार्क कराया जा रहा है। वहीं दिनारा, दतिया और झांसी की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए कृषि उपज मंडी के पीछे पार्किंग निर्धारित की गई है, जबकि वीआईपी और मीडिया कर्मियों के वाहनों के लिए बालक उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में स्थान तय किया गया है।













