Tuesday, March 10, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशछतरपुरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह में छतरपुर की 3 महिला सरपंच होंगी सम्मानित, दिल्ली में साझा करेंगी अनुभव

राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह में छतरपुर की 3 महिला सरपंच होंगी सम्मानित, दिल्ली में साझा करेंगी अनुभव

Post Media
News Logo
PeptechTime
10 मार्च 2026, 12:15 pm IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

छतरपुर,विनोद मिश्रा। राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली में आयोजित होने वाले समारोह में छतरपुर जिले की तीन महिला सरपंचों को सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 11 मार्च 2026 को आयोजित होगा, जहां वे अपनी पंचायतों में किए गए कार्यों और अनुभवों को साझा करेंगी। इस उपलब्धि से जिले में महिला सशक्तिकरण को नई पहचान मिली है।


जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत ईशानगर की सरपंच श्रीमती निधि मिश्रा, ग्राम पंचायत गोरा की सुश्री ज्योति मिश्रा और ग्राम पंचायत बरद्वाहा की सरपंच श्रीमती कविता यादव को राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में ये तीनों महिला सरपंच अपनी पंचायतों में महिलाओं और बालिकाओं के हित में किए गए कार्यों, योजनाओं के क्रियान्वयन और पंचायत स्तर पर महिला नेतृत्व के अनुभव साझा करेंगी।


यह कार्यक्रम देशभर में पंचायत स्तर पर महिला नेतृत्व को प्रोत्साहित करने और उनके सफल प्रयासों को सामने लाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इसमें विभिन्न राज्यों से चुनी गई महिला जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगी और पंचायत स्तर पर किए गए नवाचारों पर चर्चा करेंगी।


इस कार्यक्रम में जनपद पंचायत बड़ामलहरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ईश्वर सिंह वर्मा भी सहभागिता करेंगे। वे पंचायतों में चल रही योजनाओं और महिला सशक्तिकरण से जुड़े प्रयासों की जानकारी साझा करेंगे।


जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने इस उपलब्धि पर तीनों महिला सरपंचों को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि छतरपुर जिले की पंचायतें महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार बेहतर कार्य कर रही हैं।


उन्होंने बताया कि जिले की 15 पंचायतों को महिला एवं बालिका हितैषी पंचायत के रूप में चिन्हित किया गया है। इन पंचायतों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, लैंगिक समानता को बढ़ावा देने और किशोरियों के सशक्तिकरण के लिए विशेष पहल की जा रही है। जिले की महिला जनप्रतिनिधियों की यह भागीदारी अन्य पंचायतों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)