उमरिया। जिले की मानपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत परासी 'अ' में सीसी रोड के भूमिपूजन कार्यक्रम में महज 30 मिनट के दौरान करीब 43 हजार रुपए खर्च किए जाने का मामला सामने आया है। कार्यक्रम 29 मई को आयोजित किया गया था, जबकि करीब दो महीने बाद खर्च का बिल सामने आने पर ग्रामीणों और राजनीतिक हलकों में सवाल उठने लगे हैं।
बिल के मुताबिक कार्यक्रम में समोसों पर 6 हजार रुपए और नमकीन पर 4 हजार रुपए खर्च किए गए। इसके अलावा अन्य खाद्य सामग्री, अतिथियों के स्वागत और दूसरी व्यवस्थाओं को मिलाकर कुल खर्च करीब 43 हजार रुपए दर्शाया गया है। कार्यक्रम 12 लाख रुपए की लागत से बनने वाली 300 मीटर सीसी रोड के भूमिपूजन के लिए आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम में विधायक मीना सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अनुजा पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष ममता सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए थे। पूजा-अर्चना के साथ अतिथियों के स्वागत और नाश्ते की व्यवस्था की गई थी।
बिल सार्वजनिक होने के बाद ग्रामीणों ने खर्च पर सवाल उठाते हुए कहा कि महज आधे घंटे के कार्यक्रम में इतनी बड़ी राशि खर्च होना समझ से परे है। कांग्रेस नेत्री रोशनी सिंह ने भी संबंधित बिल सोशल मीडिया पर साझा कर मामला उठाया है।
ग्राम पंचायत सचिव राम हिलोर सिंह का कहना है कि कार्यक्रम में हुए वास्तविक खर्च के अनुसार भुगतान किया गया है। वहीं जनपद पंचायत के एपीओ राजेश कुमार ने कहा कि बिलों की जांच कर कार्यक्रम के अनुरूप खर्च का परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने प्रथम दृष्टया कार्यक्रम के हिसाब से बिल अधिक लगने की बात कही।
मानपुर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंकित सिरोठिया ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




